Weather Update: झमाझम बारिश से खिल उठा दिल्ली-NCR, तापमान में आई गिरावट

Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में हुई झमाझम बारिश लोगों को भीषण उमस और गर्मी से बड़ी राहत दी। पिछले कई दिनों से चिपचिपी गर्मी और बढ़ती नमी के कारण लोग परेशान थे, लेकिन बारिश के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा समेत एनसीआर के कई इलाकों में हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण सुहावना हो गया।

भारतीय मौसम विभाग  ने दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। विभाग ने दिल्ली, एनसीआर और हरियाणा व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई थी। पूर्वानुमान के अनुरूप दिल्ली के अलावा लोनी देहात, हिंडन एयरफोर्स स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, छपरौला, नोएडा, दादरी, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और बल्लभगढ़ सहित कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई।

नोएडा में तीन डिग्री तक लुढ़का तापमान

दोपहर बाद हुई तेज बारिश से नोएडा में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। सुबह जहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं बारिश के बाद यह घटकर करीब 34 डिग्री सेल्सियस रह गया। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों ने राहत की सांस ली।

नोएडा के सेक्टर-15, 16, 18, 50, 62, 74 और 75 समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई। कुछ स्थानों पर जलभराव के कारण यातायात की रफ्तार प्रभावित हुई, लेकिन बारिश ने गर्म हवाओं और उमस से काफी राहत पहुंचाई। कई लोग घरों और कार्यालयों से बाहर निकलकर सुहावने मौसम का आनंद लेते नजर आए।

अगले कुछ दिनों तक बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है। 7 से 12 जुलाई के बीच आसमान में बादल छाए रहने और कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि 7 जुलाई को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि हवा के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। संभावित खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *