Kerala: भारी बारिश और तेज हवाओं से संपत्ति और वाहनों को नुकसान, पांच जिलों में ‘रेड अलर्ट’

Kerala: केरल के कई हिस्सों में शुक्रवार को भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहा, जिसकी वजह से कई जगहों पर पेड़ों की शाखाएं टूटकर गिर गईं और गाड़ियों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज के लिए राज्य के आठ जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

सप्ताहांत के दौरान और अधिक भारी बारिश होने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने शनिवार के लिए पांच जिलों (मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड) में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है।

वहीं रविवार के लिए मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। ‘रेड अलर्ट’ को देखते हुए, वायनाड, कोझिकोड और कासरगोड जिलों में पर्यटक ट्रेकिंग स्थलों में प्रवेश और पहाड़ी सड़कों पर रात्रि यात्रा के साथ-साथ पत्थर खनन गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

वायनाड और कासरगोड जिलों में छह जून को शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया था। शुक्रवार के लिए, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, राज्य के शेष छह जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

भारी बारिश के कारण कोच्चि निगम के अंतर्गत आने वाले कई निचले इलाकों में जलभराव होने के साथ बाढ़ जैसी स्थिति बन गई, जिसके बाद निगम कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। कोझिकोड में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण कुछ इमारतों की छतें क्षतिग्रस्त हो गईं और पेड़ों की शाखाएं गिर गईं, जिससे वाहनों को नुकसान पहुंचा है।

बारिश के कारण कोझिकोड के कुछ हिस्सों में दीवारें गिर गईं, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ, केवल कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हुए। मौसम विभाग ने ये भी कहा कि इन जिलों के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

‘रेड अलर्ट’ से मतलब है कि 24 घंटे में 20 सेंटीमीटर से अधिक की अत्यधिक भारी बारिश होने से है, जबकि ‘ऑरेंज अलर्ट’ का मतलब 11 सेंटीमीटर से 20 सेंटीमीटर तक की बहुत भारी बारिश और ‘येलो अलर्ट’ का मतलब छह सेंटीमीटर से 11 सेंटीमीटर के बीच भारी बारिश के होने से होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *