Chauhaan: अजय देवगन की फिल्म ‘चौहान’ का टीजर हुआ रिलीज, दिखेगी कश्मीर की कहानी

Chauhaan:  अजय देवगन ने अपने पिता व एक्शन डायरेक्टर वीरू देवगन की जयंती के मौके पर अपनी नई फिल्म ‘चौहान’ की घोषणा की है। इसके साथ ही मेकर्स ने ‘चौहान’ की पहली झलक भी साझा की है, जिसमें अजय देवगन 57 साल की उम्र में एक बार फिर फुल ऑन एक्शन अवतार में नजर आ रहे हैं और चौहान का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी कश्मीर के पत्थरबाजों पर आधारित है। कैसे एक वक्त वहां पर युवाओं को बहकाया जा रहा था और उनके हाथों में पत्थर थमाए जा रहे थे।

टीजर-
इस 2 मिनट 24 सेकंड के टीजर की शुरुआत 2018 के कश्मीर के पुलवामा से होती है, जहां पत्थरबाज सेना पर पत्थरबाजी कर रहे हैं और सेना उनका मुकाबला कर रही है। टीजर में दिखाया गया है कि कैसे कश्मीर में युवा लड़कों को पत्थरबाज बनाया जा रहा है और उन्हें बहकाया जाता है, इसके साथ ही टीजर में कुछ आंकड़े बताए जाते हैं, जिनमें जिक्र किया जाता है कि कैसे पिछले 75 साल से सरकार इन पत्थरबाजों से निपटने के लिए तरह-तरह के प्रयास कर रही है। कभी आंसू गैस के गोले, कभी पानी की बौछार तो कभी और प्रयास, लेकिन पत्थरबाजों पर काबू नहीं पाया जा सका।
कश्मीर में अपनी ही सेना पर वहां के लोग पत्थरबाजी करते रहे, जिसमें कई सैनिक घायल भी हुए तो कुछ की जानें भी चली गईं। टीजर के अंत में एंट्री होती है अजय देवगन की, जो चेहरे पर एक डरावना मास्क लगाए नजर आते हैं। वो फिल्म में एक्शन अवतार में नजर आएंगे और उनके किरदार का नाम चौहान है। ‘चौहान’ में 57 साल के अजय देवगन एक बार फिर फुल ऑन एक्शन अवतार में नजर आएंगे। इसके साथ ही मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट भी घोषित कर दी है। ‘चौहान’ अगले साल यानी 2027 में 1 अक्तूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *