Uttarakhand: प्रियंका-राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा, सियासी माहौल गरमाने की तैयारी

Uttarakhand: उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अपने राष्ट्रीय नेताओं के जरिए सियासी माहौल गरमाने की तैयारी में है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा नवंबर के अंतिम सप्ताह में पौड़ी पहुंच सकती हैं, जबकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का दिसंबर में सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला में दौरा प्रस्तावित है। कांग्रेस के संगठन महामंत्री राजेंद्र भंडारी के मुताबिक, दोनों नेताओं के दौरों को लेकर तैयारियां चल रही हैं और एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित बैठक के बाद कार्यक्रमों की तारीखों पर अंतिम मुहर लग सकती है।

कांग्रेस इन दौरों के जरिए अंकिता भंडारी हत्याकांड, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, पलायन और सीमांत क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है।

कांग्रेस संगठन महामंत्री राजेंद्र भंडारी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता को अभी तक न्याय नहीं मिला है और भाजपा पीड़ित परिवार की पीड़ा पर नमक छिड़कने का काम कर रही है। कांग्रेस इस मामले को लेकर लगातार सरकार को घेर रही है और अब राष्ट्रीय नेतृत्व के दौरों के जरिए इस मुद्दे को और धार देने की रणनीति पर काम कर रही है।

वहीं, राहुल गांधी के प्रस्तावित पिथौरागढ़ दौरे को सीमांत क्षेत्र के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजेंद्र भंडारी ने चीन की ओर से अरुणाचल प्रदेश में घुसपैठ से जुड़े सवालों का जिक्र करते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्रों की परिस्थितियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।

फिलहाल प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे प्रस्तावित हैं। कांग्रेस संगठन महामंत्री राजेंद्र भंडारी के अनुसार, एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली प्रस्तावित बैठक के बाद ही दोनों नेताओं के कार्यक्रमों पर आधिकारिक मुहर लगेगी। ऐसे में अब सबकी नजरें कांग्रेस की इस बैठक और उत्तराखंड में पार्टी के आगामी सियासी कार्यक्रमों पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *