Uttarakhand: उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच चारधाम यात्रा जारी है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी ने सभी बस और ट्रक यूनियनों को वाहनों की फिटनेस दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
बारिश के दौरान सड़क पर फिसलन और वाहनों में तकनीकी खराबी हादसों की बड़ी वजह बन सकती है। इसे देखते हुए विभाग ने हेडलाइट, वाइपर और ब्रेक समेत सभी जरूरी तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच सुनिश्चित करने को कहा है।
आरटीओ ने वाहन चालकों को ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग से बचने के साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की सख्त हिदायत दी है। यूनियनों को भी चालकों के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी ने साफ किया कि चारधाम यात्रा पर देश-विदेश से पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। नियमों की अनदेखी या लापरवाही करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।