Uttarakhand: यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र के बनचौरा में पांच सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 17 दिनों से चल रहा धरना मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया है। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री खजानदास और भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने बनचौरा क्षेत्र की विभिन्न मांगों को मुख्यमंत्री के सामने रखा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की मांगों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद क्षेत्रवासियों ने अपना धरना समाप्त करने का निर्णय लिया।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि 17 दिनों तक चला आंदोलन बनचौरा के लोगों की एकजुटता, धैर्य और अपने हक के लिए आवाज उठाने के संकल्प का प्रतीक रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सरकार के आश्वासन से क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है।
चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यमुनोत्री क्षेत्र के विकास को लेकर जनता को कभी निराश नहीं किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पांच सूत्रीय मांगों पर जल्द कार्रवाई होगी और विकास कार्य धरातल पर दिखाई देंगे। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री को बनचौरा में विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम के लिए आमंत्रित भी किया।