तुंगनाथ धाम में तीसरे चरण की यात्रा चढ़ने लगी परवान

लक्ष्मण सिंह नेगी             

ऊखीमठ। पंच केदारो में तृतीय केदार के नाम से विश्व विख्यात भगवान तुंगनाथ धाम में तीसरे चरण की यात्रा रफ्तार पकड़ने लगी है। तुंगनाथ धाम के दर्शन के देश-विदेश से सैंकड़ों श्रद्धालुं पहुंच रहे हैं जिससे तुंगनाथ घाटी के यात्रा पड़ावों पर रौनक बनी हुई है। चोपता-तुंगनाथ पैदल मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों तीर्थ यात्री हर-हर महादेव, जय भोले बाबा के उदघोषों के साथ भगवान तुंगनाथ के दर पर पहुंच रहे हैं।

पंच केदारो में तृतीय केदार के नाम से विश्व विख्यात तुंगनाथ धाम मिनी स्विट्जरलैंड चोपता हिल स्टेशन से लगभग चार किमी की दूरी पर चन्द्र शिला की तलहटी में बसा है। तुंगनाथ धाम में भगवान शंकर के भुजाओं की पूजा होती है। तुंगनाथ धाम में अभी तक 20 हजार से अधिक तीर्थ यात्री पूजा – अर्चना व जलाभिषेक कर विश्व समृद्धि की कामना कर चुके हैं। तुंगनाथ घाटी को प्रकृति ने अपने वैभवों का भरपूर दुलार दिया है, इसलिए तुंगनाथ घाटी में वर्ष भर प्रकृति प्रेमियों की आवाजाही निरन्तर जारी रहती है। तुंगनाथ घाटी में वर्ष भर सैलानियों की आवाजाही से जहाँ स्थानीय पर्यटन व्यवसाय में इजाफा होने के साथ ही व्यापारियों को रोजगार मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *