Rishikesh: ऋषिकेश में मूसलाधार बारिश से हालात बिगड़े, गंगा और बरसाती नदियां उफान पर

Rishikesh: ऋषिकेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पहाड़ी क्षेत्रों में जगह-जगह भूस्खलन के चलते रास्ते प्रभावित हुए हैं, वहीं गंगा का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। बरसाती नदियां और नाले उफान पर हैं, जबकि कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने जल पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन टीम को हाई अलर्ट पर रखा है।

ऋषिकेश में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते गंगा और बरसाती नदियों ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। परमार्थ निकेतन घाट पर गंगा का जलस्तर शिव मूर्ति तक पहुंच गया है, जबकि त्रिवेणी घाट का आरती स्थल भी जलमग्न हो गया है। चंद्रभागा नदी, खारा स्रोत, बीन नदी और चीला मार्ग स्थित घासीराम रपटे पर पानी उफान पर है। देहरादून रोड पर सात मोड़ के पास बरसाती नाला भी तेज बहाव के साथ बह रहा है। श्यामपुर क्षेत्र के कई बरसाती नाले भी उफान पर हैं।

वहीं ऋषिकेश के शिवाजी नगर, गंगानगर समेत कई निचले इलाकों में जलभराव की सूचना है और कुछ स्थानों पर पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया है। पहाड़ी इलाकों में जगह-जगह भूस्खलन के चलते आवाजाही भी प्रभावित हुई है।

बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने जल पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमों को हाई अलर्ट पर रखा है। टीमें गंगा और बरसाती नदियों के किनारे लगातार निगरानी कर रही हैं और लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील की जा रही है। प्रशासन ने लोगों को पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपात स्थिति में 112 पर सूचना देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *