Rishikesh: ऋषिकेश में बजरंग सेतु पर कांच के ट्रैक का लगा शुल्क

Rishikesh:  ऋषिकेश में तपोवन और स्वर्गाश्रम को जोड़ने वाले बजरंग सेतु के कांच वाले ट्रैक पर घूमने के लिए अब पर्यटकों को शुल्क देना होगा। करीब 68 करोड़ रुपये की लागत से बने इस आधुनिक पुल के ग्लास ट्रैक पर चलने के लिए प्रति व्यक्ति 100 रुपये का टिकट निर्धारित किया गया है। शासन से शुल्क को मंजूरी मिलने के बाद अब इस व्यवस्था को लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है।

तपोवन और स्वर्गाश्रम के बीच बने 132 मीटर लंबे बजरंग सेतु के दोनों ओर डेढ़-डेढ़ मीटर चौड़े कांच के ट्रैक बनाए गए हैं। इन ट्रैकों पर चलने के लिए प्रति व्यक्ति 100 रुपये शुल्क देना होगा। यदि कोई पर्यटक दोनों ओर से कांच के ट्रैक का उपयोग करता है, तो उसे कुल 200 रुपये का भुगतान करना होगा। यह टिकट दो घंटे तक मान्य रहेगा। निर्धारित समय से अधिक रुकने पर अतिरिक्त शुल्क देना होगा। वहीं बच्चों के लिए टिकट शुल्क आधा रखा गया है।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कांच के ट्रैक की सुरक्षा, साफ-सफाई और संचालन के लिए निजी एजेंसी नियुक्त की जाएगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर पूरा होते ही नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। पुल के बीच में साढ़े पांच मीटर चौड़ा डामर ट्रैक वाहनों के आवागमन के लिए बनाया गया है, जबकि दोनों ओर बने ग्लास ट्रैक पर छह से अधिक सेल्फी प्वाइंट विकसित किए गए हैं। जो लोग कांच के ट्रैक पर नहीं जाना चाहते, वे डामर वाले हिस्से से बिना किसी शुल्क के पुल का उपयोग कर सकेंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *