Mika Singh: मीका सिंह ने दलेर मेहंदी पर गलत ‘आरोप’ लगाने के लिए उत्तराखंड के मंत्री से माफी की मांग की

Mika Singh: गायक मीका सिंह ने कहा कि उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल को उनके बड़े भाई दलेर मेहंदी को सार्वजनिक रूप से “अपमानित” करने और “गलत” आरोप लगाने के लिए माफी मांगनी चाहिए। दलेर मेहंदी उत्तराखंड के नयी टिहरी शहर में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान उनियाल अचानक मंच पर पहुंचे और ऊंची आवाज में उनसे पूछा कि क्या वह नशे में हैं।

मेहंदी (59) ‘तुनक तुनक तुन’, ‘बोलो ता रा’ और ‘हो जाएगी बल्ले बल्ले’ जैसे लोकप्रिय गानों के लिए जाने जाते हैं। सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुए वीडियो में उन्हें ‘माफ कीजिए’ कहते हुए सुना गया। मीका ने मंगलवार को अपने भाई का समर्थन करते हुए कहा था कि वह शराब नहीं पीते। बुधवार को उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा की और मेहंदी को प्यार व समर्थन देने के लिए बॉलीवुड तथा अन्य क्षेत्रों के गायकों का धन्यवाद किया।

मीका ने उनियाल को टैग करते हुए लिखा, “मैं साफ तौर पर बता दूं। दलेर मेहंदी जी शराब नहीं पीते और उनके खिलाफ इस तरह के आरोप लगाना पूरी तरह गलत है। आज स्कूल या कॉलेज में कोई शिक्षक किसी बच्चे को डांट भी दे, तो यह बड़ी बात बन जाती है। तो फिर इतने मशहूर कलाकार को सार्वजनिक मंच पर अपमानित करना कैसे सही ठहराया जा सकता है? मेरा मानना है कि इसके लिए माफी मांगी जानी चाहिए। जिस व्यक्ति ने यह किया, उसे स्वीकार करना चाहिए कि दलेर मेहंदी जी के शराब पीने के आरोप गलत थे और उनके साथ किए गए व्यवहार के लिए माफी मांगनी चाहिए।”

इसके बाद एक अन्य पोस्ट में मीका ने दलेर मेहंदी का समर्थन करने के लिए उत्तराखंड के लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “कलाकारों को हमेशा से उत्तराखंड पसंद रहा है, लेकिन अगर राजनेताओं द्वारा कलाकारों का अपमान किया जाएगा, तो हम वहां परफॉर्म करने क्यों आएंगे?” मीका ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी अपील की कि वे इस कार्यक्रम में उनियाल के बर्ताव पर ध्यान दें और उचित कार्रवाई करें।

उन्होंने आगे कहा, “कलाकार सम्मान और गरिमा के हकदार हैं।” जब यह विवाद बढ़ गया और गायकों के साथ-साथ विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने भी उनके बर्ताव की आलोचना की, तो उत्तराखंड के वन मंत्री सुबोध उनियाल अपने बयान पर कायम रहे। उन्होंने दावा किया कि मेहंदी “किसी नशे या पदार्थ के प्रभाव” में थे। उन्होंने पीटीआई वीडियो को बताया कि मेहंदी को एक गायक के तौर पर उनके नाम और प्रतिष्ठा की वजह से आमंत्रित किया गया था, लेकिन वे सिर्फ लिप-सिंक कर रहे थे।

उनियाल ने कहा, “…मुझे लगा कि वे किसी नशे या पदार्थ के प्रभाव में थे। अब उस चीज का उन पर क्या असर हुआ, यह मुझे नहीं पता। अगर इतने बड़े कलाकार की तबीयत ठीक नहीं थी, तो उन्हें जनता को बताना चाहिए था कि ‘मेरी तबीयत ठीक नहीं है।’ उन्हें इस कार्यक्रम में परफॉर्म करने से मना कर देना चाहिए था।”

मंत्री के अनुसार, मेहंदी ने इस परफॉरमेंस के लिए 35 लाख रुपये लिए थे। मंत्री के इस दावे के जवाब में मीका ने उनसे इसकी रसीद दिखाने को कहा। मीका ने कहा, “सर, क्या आपने 35 लाख रुपये नकद दिए या चेक से? अगर आपके पास पेमेंट की रसीदें हैं, तो कृपया उन्हें सबके सामने लाएं ताकि सबको सच पता चल सके। धन्यवाद!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *