Haridwar: विजयादशमी पर हरिद्वार के कनखल के पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी में परंपरागत रूप से शस्त्र पूजन किया गया, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अखाड़े के इष्ट देव सूर्य प्रकाश और भैरव प्रकाश के पवित्र भालों के साथ प्राचीन अस्त्र-शस्त्रों की पूजा-अर्चना हुई। अखाड़े की परंपरा में इन भालों का विशेष महत्व है।
कुंभ मेले में पेशवाई के दौरान ये भाले आगे चलते हैं और स्नान पर्व पर इन्हें सबसे पहले गंगा स्नान कराया जाता है। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने शस्त्र पूजन की परंपरा को धर्म और संस्कृति की रक्षा के संकल्प से जुड़ा बताया।
पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी में सूर्य प्रकाश और भैरव प्रकाश के भालों को देवस्वरूप मानकर पूजा जाता है। कुंभ मेले में अखाड़े की पेशवाई के दौरान इनका विशेष स्थान होता है। परंपरा के अनुसार, स्नान पर्व पर सबसे पहले इन भालों को गंगा स्नान कराया जाता है। इसके बाद अखाड़े के संत-महंत और नागा संन्यासी स्नान करते हैं।
विजयादशमी पर होने वाला शस्त्र पूजन अखाड़ों की धार्मिक परंपरा और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है। इस अवसर पर संत प्राचीन और आधुनिक अस्त्र-शस्त्रों की पूजा कर धर्म और संस्कृति की रक्षा का संकल्प करते हैं।