Dehradun: उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही चुनावी तैयारियों में जुटे हैं और नेता अपने-अपने क्षेत्रों में राजनीतिक माहौल बनाने में लगे हैं। इसी बीच कांग्रेस के भीतर चल रही कथित खेमेबाजी और गुटबाजी को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधा है। महेंद्र भट्ट का कहना है कि कांग्रेस के अंदर अभी तो शुरुआत है और चुनाव तक पार्टी के भीतर कई और खेमेबाजी देखने को मिल सकती है। हालांकि उन्होंने इसे कांग्रेस का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में दोनों दलों के भीतर अनुशासन जरूरी है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी को लेकर बड़ा सियासी बयान दिया है। महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस में अभी शुरुआत है और चुनाव तक पार्टी के भीतर अनेकों खेमेबाजी दिखाई देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व लगातार अनुशासन बनाए रखने की कोशिश कर रहा है, लेकिन कांग्रेस के भीतर अनुशासन कायम रहना मुश्किल नजर आ रहा है।
महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को उसका आंतरिक मामला बताया, लेकिन साथ ही कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के भीतर अनुशासन बना रहना जरूरी है।
वहीं 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी पार्टी की रणनीति भी साफ कर दी। उन्होंने कहा कि बीजेपी किसी दल की अंदरूनी स्थिति के भरोसे चुनाव नहीं जीतती, बल्कि संगठन और कार्यकर्ताओं की ताकत के आधार पर चुनावी मैदान में उतरती है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भी बीजेपी संगठन की मजबूती और सरकार के कामकाज के आधार पर जीत सुनिश्चित करेगी।