Dehradun: उत्तराखंड में भारी बारिश की वजह से मसूरी-देहरादून हाईवे का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, तब से पर्यटकों के लिए व्यस्त माने जाने वाले इस रास्ते पर गाड़ियों की आवाजाही बाधित है, लोक निर्माण विभाग क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कर रहा है। हल्की गाड़ियों को गुजरने की इजाजत दी जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर भारी गाड़ियों पर रोक जारी है।
पीडब्ल्यूडी असिस्टेंट इंजीनियर, अरविंद सतवारिया ने बताया कि “20 अगस्त को भारी बारिश से खिसक गया था। पूरा 50 मीटर का हिस्सा प्रभावित हुआ है। और बहुत तेज बारिश थी तो ज्यादा नीचे चला गया। हाल फिलहाल हमने तुरंत ये काम स्टार्ट कर दिया, 25 से 30 लोग यहां काम कर रहे हैं। और हल्के वाहन के लिए खोला है मार्ग। भारी वाहन के लिए बंद है प्रशासन ने बिल्कुल बंद कर दिया है।”
अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत का काम पूरा होने में 10 से 15 दिन लगेंगे, जिसके बाद भारी वाहनों को फिर से गुजरने की इजाजत दी जाएगी। ट्रैफिक से जुड़ी एडवायजरी भी जारी की गई है। यात्रियों से कहा गया है कि जब तक प्रभावित हिस्से की मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक वे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।