Dehradun: 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर देहरादून में स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर यात्रा मार्ग पर व्यापक स्वास्थ्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थलों और प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर मेडिकल रिलीफ पोस्ट यानी एमआरपी स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर 24 घंटे डॉक्टर, फिजिशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और वार्ड बॉय की तैनाती रहेगी। साथ ही आवश्यक दवाइयों, प्राथमिक उपचार सामग्री और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि श्यामपुर चौकी और आईडीपीएल में स्थापित मेडिकल रिलीफ पोस्ट चौबीसों घंटे संचालित रहेंगी। यहां रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों की शिफ्टवार तैनाती की जाएगी। इसके अलावा बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकें।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सभी चिकित्सकीय टीमों को पूरी यात्रा अवधि के दौरान मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं