Dehradun: देहरादून के लोक भवन में ‘गवर्नर एआई रूम’ का किया उद्घाटन

Dehradun:  उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने लोक भवन में ‘गवर्नर एआई रूम’ का उद्घाटन किया है, ये एक ऐसी पहल है जिसका मकसद पूरे राज्य में नवाचार को बढ़ावा देना और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एप्लीकेशन्स के विकास को प्रोत्साहित करना
है।

इस पहल का मकसद समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों में एआई के प्रति ज्यादा रुचि पैदा करना और उन लोगों को मदद देना है जिनके पास नए-नए विचार हैं। इस प्लेटफॉर्म के जरिए, उभरते हुए डेवलपर्स, छात्र और इनोवेटर्स टीम से जुड़ सकेंगे और एआई-आधारित एप्लीकेशन्स बनाने में मार्गदर्शन पा सकेंगे।

इस परियोजना के प्रभारी सिद्धार्थ ने बताया कि ये एआई रूम उन लोगों के लिए एक सपोर्ट सिस्टम की तरह काम करेगा जो एआई परियोजनाओं पर काम करने में रुचि रखते हैं। ये उन्हें अपने विचार को असल एप्लीकेशन्स में बदलने में मदद करेगा।

उन्होंने आगे कहा कि इस पहल से तकनीकी नवाचार को बढ़ावा मिलने और पूरे राज्य में एआई इकोसिस्टम में व्यापक भागीदारी को प्रोत्साहित करने की उम्मीद है। एआई रूम के साथ-साथ, एक एआई वाहन भी लॉन्च किया गया। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने एआई वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

ये वाहन कंप्यूटर और एआई-आधारित तकनीकों से लैस है और ये राज्य के कई जिलों का दौरा करके आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बारे में जागरूकता फैलाएगा। साथ ही एआई एप्लिकेशन विकसित करने में रुचि रखने वाले लोगों को सहायता प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *