Uttart Pradesh: CM योगी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का किया भव्य स्वागत

Uttart Pradesh: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नबीन पहली बार लखनऊ पहुंचे। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा भगवा अंगवस्त्र पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों से राष्ट्रीय अध्यक्ष का परिचय भी कराया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर स्वागत संदेश साझा करते हुए लिखा कि प्रभु श्रीराम एवं लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण के चरणरज से पावन हुई संस्कृति, संस्कार और सृजन की साधना स्थली उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री उपस्थित रहे। इनमें सुरेश खन्ना, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, भूपेंद्र सिंह चौधरी, ए.के. शर्मा, धर्मपाल सिंह, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, संजय निषाद, दारा सिंह चौहान और जेपीएस राठौर प्रमुख रूप से शामिल रहे।

इसके अतिरिक्त राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा, संजय सेठ, ब्रजलाल, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संगठन पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी स्वागत कार्यक्रम में मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *