UP News: पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश ने उत्तर प्रदेश में संगमनगरी प्रयागराज के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि गंगा और यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
लोगों को डर है कि अगर जलस्तर और बढ़ा, तो कई लोगों को अपना घर छोड़कर ऊंचे इलाकों में शरण लेने पर मजबूर होना पड़ेगा। अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित और जल-जमाव वाले इलाकों से पानी निकालने के लिए पंप का इस्तेमाल किया जा रहा है।
उनके मुताबिक, हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं और निचले इलाकों से ज्यादातर पानी निकाल दिया गया है। इस बीच, उन्नाव में अधिकारी गंगा के जलस्तर पर बारीकी से नजर रख रहे हैं, क्योंकि यह लगातार बढ़ रहा है और खतरे के निशान के करीब पहुंच रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, जिले के कई निचले इलाके पहले ही पानी में डूबे हुए हैं।
मौसम विभाग ने झारखंड और उससे सटे पश्चिम बंगाल के गंगीय क्षेत्र के ऊपर बने दबाव के असर से आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में काफी बढ़ोतरी का अनुमान लगाया है।