UP News: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को जनपद अलीगढ़ में आगरा खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत आयोजित अलीगढ़ जिला और महानगर शिक्षक संवाद बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षक साथियों के साथ संवाद कर विधान परिषद चुनाव, शिक्षा के विकास, शिक्षक हितों के संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। वे केवल विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित कर देश के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करते हैं। शिक्षकों का योगदान समाज को नई दिशा देने और आने वाली पीढ़ियों को योग्य, सक्षम एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान, उनके हितों का संरक्षण और शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाना हमारी प्रतिबद्धता है। शिक्षकों की समस्याओं को समझना, उनकी अपेक्षाओं को सुनना और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव के लिए निरंतर प्रयास करना आवश्यक है। एक सशक्त शिक्षा व्यवस्था ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
विधान परिषद चुनाव महत्वपूर्ण अवसर
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विधान परिषद चुनाव शिक्षकों एवं स्नातक वर्ग से जुड़े विषयों, उनकी अपेक्षाओं और शिक्षा के विकास पर संवाद का महत्वपूर्ण अवसर है। शिक्षक समाज की आकांक्षाओं को समझते हुए शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए। शिक्षकों के अनुभव और सुझाव न केवल शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने में सहायक हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के समग्र विकास को भी नई गति प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस संकल्प की सिद्धि में शिक्षित, संस्कारित और जागरूक युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव और मार्गदर्शन से इस युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करते हैं। ऐसे में शिक्षक समाज का सम्मान और उनके हितों की रक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने शिक्षक साथियों से संवाद करते हुए कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति के सर्वांगीण विकास और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। शिक्षकों के सहयोग और सक्रिय भागीदारी से शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और समाजोपयोगी बनाया जा सकता है।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में भाजपा ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण राज सिंह, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, दुर्विजय सिंह शाक्य, विधान परिषद सदस्य एवं प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, सांसद अनूप वाल्मीकि, विधान परिषद सदस्य ऋषि पाल सिंह, विधायक रविंद्र पाल सिंह, अनिल पाराशर एवं श्री राजकुमार सहयोगी, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष किशन पाल चौधरी, देवेंद्र शर्मा तथा जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।