Taj Mahal: आगरा का ताजमहल, इस ऐतिहासिक विरासत को देखने हर साल दुनिया भर से आते हैं दिग्गज नेता

Taj Mahal: विश्व धरोहर स्थल और दुनिया के सात अजूबों में से एक ताजमहल भारत की स्थापत्य कला और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक रहा है। इसे देखने हर साल दुनिया भर के कई गणमान्य व्यक्ति, दिग्गज नेता और नामचीन हस्तियां आती हैं।

इनमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति पुतिन, ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन और उनकी पत्नी ब्रिगिट मैक्रॉन, इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी, पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ शामिल हैं। कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो और उनका परिवार भी भारत यात्रा के दौरान ताजमहल देखने आए थे।

अमेरिकी उप-राष्ट्रपति जे.डी. वैंस और उनका परिवार भी भारत यात्रा के दौरान इस स्मारक का दौरा कर चुके हैं। ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने फरवरी 2025 में अपनी पत्नी अक्षता मूर्ति के साथ इस स्मारक को देखा था। मंगोलियाई संसदीय प्रतिनिधिमंडल की भारत यात्रा के दौरान भी ये स्मारक उनके कार्यक्रम में शामिल था।

शाही दंपति प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन भी इस प्रतिष्ठित ‘प्रेम स्मारक’ के सामने तस्वीरें खिंचवा चुके हैं। तस्वीरों के लिए पसंदीदा ये बेंच ब्रिटेन की राजकुमारी डायना के नाम पर है। ताज के गाइड सैयद इब्राहिम हुसैन जैदी ने पीटीआई वीडियो को बताया, “ब्रिटेन की राजकुमारी डायना आगरा आई थीं और उन्होंने इस बेंच पर एक तस्वीर खिंचवाई थी। तब से यह बेंच ‘डायना बेंच’ के नाम से जानी जाती है। इस बेंच पर बैठकर ली गई तस्वीरों में नजारा बेहद खूबसूरत आता है। बेंच के ‘डायना बेंच’ नाम रखे जाने के बाद से इसकी लोकप्रियता और भी बढ़ गई है।”

फरवरी 2023 में डेनमार्क के क्राउन प्रिंस फ्रेडरिक और क्राउन प्रिंसेस मैरी डोनाल्डसन ने अपनी चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा के दौरान ताजमहल का दौरा किया। वर्ष 2023 में भारत की जी20 अध्यक्षता के दौरान भी ये स्मारक आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस दौरान ग्यारह देशों के राजदूतों ने जी20 प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में इसका दौरा किया। उनके दौरे के दौरान ये स्थल अस्थायी रूप से आम जनता के लिए बंद कर दिया गया था।

भूटान की महारानी शेरिंग यांगदोन वांगचुक ने जनवरी 2025 में ताजमहल का दौरा किया। अक्टूबर 2024 में मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू और प्रथम महिला साजिदा मोहम्मद ने स्मारक का दौरा किया और इसे स्थापत्य कला की मिसाल बताया। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो के बेटे, काएसांग पंगारेप और उनकी पत्नी, एरिना गुडोनो ने अपने दल के साथ दौरा किया और मशहूर संगमरमर की बेंच पर तस्वीरें खिंचवाईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *