Sambhal: एएसआई ने संभल जामा मस्जिद के पास ‘मुसाफिरखाना’ का किया निरीक्षण

Sambhal: उत्तर प्रदेश के संभल में कड़ी सुरक्षा के बीच भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की एक टीम ने एएसआई-संरक्षित जामा मस्जिद के पास एक मुसाफिरखाने का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अपर जिलाधिकारी (एडीएम) सत्यप्रिया सिंह ने कहा कि इस ढांचे की जांच के अनुरोध वाली एक शिकायत के बाद यह निरीक्षण किया गया। सिंह ने कहा, ‘‘एएसआई की एक टीम एक शिकायत की जांच करने और स्थल का निरीक्षण करने के लिए यहां आई थी। मिली रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कुलदीप सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सुरक्षा के लिए प्रांतीय आर्म्ड कांस्टेबुलरी (पीएसी) की एक प्लाटून और कई पुलिस थानों के पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। एएसआई टीम के एक सदस्य ने कहा कि टीम ने केवल मुसाफिरखाने का निरीक्षण किया।

यह शिकायत ‘कल्कि सेना’ संगठन के राष्ट्रीय समन्वयक सुभाष चंद्र त्यागी ने दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि यह ढांचा अवैध है और इसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले की पहले से ही जांच हो रही है और राजस्व अधिकारी तथा एएसआई इस इलाके में जमीन के रिकॉर्ड और ढांचों से जुड़े मुद्दों की जांच कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *