Noida: कैप्टन शशिकांत मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट, आखिरी गेंद पर खुर्राट 11 ने जीता खिताब

Noida:  डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर, नोएडा स्पोर्ट्स ट्रस्ट, मानव सेवा समिति और एनपीडीए के संयुक्त तत्वावधान में नोएडा स्टेडियम में आयोजित 26वें कैप्टन शशिकांत मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला गुरुवार को पायनियर क्रिकेट क्लब और खुर्राट 11 के बीच खेला गया। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में खुर्राट 11 ने अंतिम गेंद पर एक विकेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।

खुर्राट 11 ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी पायनियर क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित पारी में पांच विकेट खोकर 178 रन बनाए। भास्कर भारद्वाज ने 59 रन और संदीप ने 41 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। खुर्राट 11 की ओर से अमित नागर और अंकित नागर ने दो-दो विकेट हासिल किए।

179 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी खुर्राट 11 की टीम ने आखिरी गेंद तक संघर्ष जारी रखा और एक विकेट से यादगार जीत दर्ज की। टीम की ओर से मिहुल चौधरी ने 54 रन और मनीष ने 44 रन की शानदार पारियां खेलकर जीत में अहम योगदान दिया। पायनियर क्रिकेट क्लब की ओर से राजेश, भास्कर और तन्मय ने दो-दो विकेट लिए। खुर्राट 11 के मनीष को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

noida

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित-

फाइनल मुकाबले के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें टूर्नामेंट के दौरान शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और क्रिकेट मैदान की बेहतरीन देखरेख करने वाले क्यूरेटर अनवर अली को सम्मानित किया गया।

खुर्राट 11 के अंश को श्रेष्ठ बल्लेबाज और एस्टर क्रिकेट क्लब के स्पर्श जैन को श्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार दिया गया। दोनों को 5,000-5,000 रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई। टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी यानी मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार खुर्राट 11 के अमित नागर को मिला। उन्हें 11,000 रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट में सर्वाधिक 15 छक्के लगाने वाले मनीष को 2,100 रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई। उपविजेता पायनियर क्रिकेट क्लब को 25,000 रुपये और ट्रॉफी, जबकि विजेता खुर्राट 11 को 50,000 रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

noida

शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा को समर्पित है टूर्नामेंट-

पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता नोएडा प्राधिकरण के पूर्व मुख्य कार्यपालक अधिकारी देवदत्त ने की। उन्होंने पिछले 26 वर्षों से कैप्टन शशिकांत शर्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के निरंतर आयोजन के लिए आयोजन समिति के सभी सदस्यों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिक की स्मृति को समर्पित है। ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा के माता-पिता के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे वीर पुत्र को जन्म दिया, जिन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नोएडा जोन के एसीपी मयंक तिवारी और नोएडा प्राधिकरण के जीएम ए.के. अरोड़ा उपस्थित रहे। उन्होंने भी टूर्नामेंट को एक पावन यज्ञ के समान बताया।

noida

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद-

समारोह में मिठास स्वीट्स के निदेशक भूले राम शर्मा, नोएडा प्राधिकरण के पूर्व अधिकारी हरिदत्त शर्मा, आबकारी विभाग में कमिश्नर रहे कुलदीप सिंह यादव, विशाल प्रॉपर्टी एंड बिल्डर्स के आर.के. गोयल तथा शहीद कैप्टन शशिकांत शर्मा के पिता फ्लाइट लेफ्टिनेंट जे.पी. शर्मा, माता सुदेश शर्मा और भाई डॉ. नरेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आयोजन मंडल के सदस्यों और अन्य अतिथियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने किया। डीडीसीए के रविंद्र चौधरी और संतराम ने अंपायरिंग की, जबकि वेद चौधरी ने स्कोरिंग की। टूर्नामेंट के सफल आयोजन ने एक बार फिर खेलों के माध्यम से शहीदों की स्मृति को जीवंत रखने और नई पीढ़ी को देशसेवा की प्रेरणा देने की परंपरा को आगे बढ़ाया।

noida

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *