Lucknow: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर जनता दर्शन में उमड़ी भीड़

Lucknow: आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को अपने आवास पर जनता दर्शन के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात की। उन्होंने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग उपचार, आर्थिक सहायता, पुलिस, राजस्व, भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं लेकर पहुंचे। उपमुख्यमंत्री ने प्रत्येक प्रकरण की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्रता और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिलना चाहिए।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता न माना जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से समीक्षा करते हुए उसके समाधान तक प्रभावी निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *