Ghaziabad: गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू में सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब यहां एक फ्लैट में आग लग गई। देखते ही देख इस आग ने विकराल रूप ले लिया और नौवीं मंजिल की आग ने पांच फ्लोर के पांच फ्लैट्स को चपेट में ले लिया। इस आग का धुआं दो किलोमीटर दूर तक देखा जा सकता है।
जानकारी के अनुसार, गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसायटी की नौवीं मंजिल पर एक फ्लैट में आज सुबह आग लग गई। आग लगते ही इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई जिसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का कार्य शुरू कर दिया गया। आग का रूप विकराल होने के चलते हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म बुलाया गया, तब जाकर आग पर काफी हद तक काबू पाया जा सका।
इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश देते हुए राहत कार्य में तेजी लाने के लिए कहा।
सीएम योगी ने कहा कि मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस कमिश्नर, डीएम को भी मौके पर पहुंचने के दिए निर्देश हैं। गौरतलब है कि बुधवार सुबह इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में कई फ्लैट आ गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग समेत अन्य टीमें बचाव के लिए मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।