Diwali: दिवाली पर योगी सरकार का राजस्व विभाग के कर्मचारियों को तोहफा

Diwali:  योगी सरकार ने दिवाली के मौके पर उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद के कर्मचारियों को पदोन्नति का बड़ा उपहार दिया है। सरकार के इस फैसले के तहत राजस्व परिषद ने विभाग के 285 कर्मचारियों को राजस्व निरीक्षक के पद पर प्रमोशन दिया है। पदोन्नति पाने वालों में 206 लेखपाल और 79 संग्रह अमीन शामिल हैं। इस निर्णय से लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे योग्य कर्मचारियों को राहत मिली है।

कर्मचारियों की कार्यक्षमता का मिलेगा बेहतर लाभ

राजस्व परिषद के चेयरमैन बीएल मीणा ने बताया कि विभाग में पदोन्नति से जुड़ी प्रक्रियाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी दिशा में पात्रता मानकों के आधार पर 285 कर्मचारियों को उच्च पदों पर पदोन्नत किया गया है।

उन्होंने कहा कि इस फैसले से कर्मचारियों का उत्साह और मनोबल बढ़ेगा। साथ ही राजस्व विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। राजस्व निरीक्षक के रूप में नई जिम्मेदारी मिलने से कर्मचारियों के पुराने अनुभव और कार्यकुशलता का इस्तेमाल विभागीय कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने में किया जा सकेगा।

राजस्व परिषद का कहना है कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने, पदोन्नति प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने तथा योग्य कार्मिकों को समय पर प्रमोशन का लाभ देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *