CM Yogi: 8 जुलाई को लॉन्च होगी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना,वाराणसी से होंगी शुरुआत

CM Yogi: 8 जुलाई को वाराणसी के व्यापार केंद्र से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करेंगे। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के पात्र शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) की वार्डन, विषय विशेषज्ञों तथा उनके आश्रित परिवारजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नए शैक्षिक सत्र में विद्यार्थियों के लिए यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्वेटर और अन्य आवश्यक सामग्री हेतु डीबीटी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से धनराशि भी जारी करेंगे।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस के अवसर पर इस योजना की घोषणा की थी। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शिक्षा विभाग ने एक विशेष पोर्टल विकसित किया है, जिसके माध्यम से पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण, सत्यापन और अनुमोदन किया जा रहा है। बेसिक शिक्षा विभाग के पोर्टल पर अब तक 7.89 लाख से अधिक लाभार्थी अपना विवरण दर्ज करा चुके हैं, जबकि माध्यमिक शिक्षा विभाग ने भी अपना पोर्टल सक्रिय कर शिक्षकों का डाटा संग्रह शुरू कर दिया है।

अंतिम अनुमोदन और आधार आधारित ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षक अपना चिकित्सा कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे तथा सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार का लाभ प्राप्त कर पाएंगे।

योजना के शुभारंभ कार्यक्रम को प्रदेश के सभी जिलों में लाइव प्रसारित किया जाएगा। इस संबंध में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव ने सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, बीएसए और डीआईओएस को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। जिला और तहसील मुख्यालयों पर आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्रतीकात्मक रूप से 20-20 चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मंडल मुख्यालय वाले जिलों को 5 लाख रुपये तथा अन्य जिलों को 3 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों और कर्मचारियों को भी इस योजना के दायरे में शामिल करने का निर्णय लिया है। इसके लिए जल्द ही अलग पोर्टल शुरू किया जाएगा, जिससे विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षक एवं कर्मचारी भी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ उठा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *