Banke Bihari Temple: कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन के लिए पहुंच रहे है. इस वजह से मंदिर में भक्तों की संख्या में बहुत ज्यादा इजाफा हो गया है और प्रवेश मार्गों पर लंबी-लंबी कतार लग रही है. भारी भीड़ के दबाव में श्रद्धालुओं के साथ-साथ बच्चे और बुजुर्गों के सामने भारी परेशानी खड़ी हो गई. वहीं, श्रद्धालुओं को धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ रहा है. इस बीच, बांके बिहारी मंदिर समिति ने नए साल से 5 जनवरी तक मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अपील जारी की है.
बांके बिहारी मंदिर समिति ने भक्तों से अपील करते हुए कहा कि नए साल के अवसर पर भीड़ अधिक हो सकती है, इसलिए यदि संभव हो तो 5 जनवरी तक वृंदावन आने से परहेज करें. बांके बिहारी मंदिर की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि नववर्ष के अवसर पर मंदिर और आसपास के क्षेत्र में बढ़ने वाले दर्शनार्थियों की भीड़ और होने वाली असुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए 29 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक यदि संभव हो तो वृंदावन आने से परहेज करें.
अति आवश्यक होने पर ही यात्रा कार्यक्रम बनाए. इसके साथ ही सभी बाहर से आने वाले दर्शनार्थियों से अनुरोध है कि वे वृंदावन आने से पहले स्थिति का आंकलन जरूर कर लें. इसके साथ ही कहा गया है कि श्रद्धालु अपने साथ किसी भी प्रकार का बैग अथवा कीमती सामान न लाएं. मंदिर में अनावश्यक समस्याओं से बचने के लिए निर्धारित प्रवेश और निकास मार्ग का ही प्रयोग करने की सलाह दी गई है. इसके साथ ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर की जा रही घोषणाओं को ध्यानपूर्वक सुनने और उनका पालन करने की सलाह दी गई है.
मंदिर की तरफ से जारी पत्र में कहा गया है कि मंदिर में आने-जाने का रास्ता और गेट अलग-अलग रहेंगे. अनावश्यक समस्याओं से बचने हेतु श्रद्धालु जूता, चप्पल पहनकर मंदिर की तरफ न आएं. जूता और चप्पल की व्यवस्था मंदिर की तरफ से मंदिर से जुड़ने वाले सभी मुख्य मार्गों पर की गई है. जूता और चप्पल कृपया निर्धारित स्थान पर ही उतारकर आएं. इसके साथ ही जेबकतरों, चैनकतरों और मोबाइल चोरों से सावधान रहने की सलाह दी. साथ ही, बताया कि ट्रैफिक जाम एवं गलियों में भीड़ की वजह से भीषण जाम जैसी स्थिति बन सकती है.
साथ आने वाले लोग अपने जेब में फोन नंबर लिखकर रखें, ताकि बिछड़ने की स्थिति में वे अपनों से संपर्क कर सकें. बीमार लोगों को मंदिर ना आने की सलाह दी गई है. इसके साथ ही असामाजिक तत्वों से बचने और चोरों से सावधान रहने की चेतावनी भी दी गई है. इस बीच, मथुरा और वृंदावन की सड़कों पर भीषण जाम देखने को मिल रहा है. जाम से निजात दिलाने में मथुरा ट्रैफिक पुलिस नाकाम साबित हो रही है. नए साल से पहले ही वृंदावन और मथुरा में हालात और बिगड़ गए हैं. श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को कई-कई घंटे जाम में फंसे रहना पड़ रहा है