Holi 2026: होली के मौके पर पणजी की सड़कों पर एक रंगारंग जुलूस निकाला गया, ये जुलूस गोवा की राजधानी पणजी में होली उत्सव के प्रारंभ का प्रतीक था। लोक नृत्यों और संगीत से सजी पारंपरिक परेड आजाद मैदान की ओर गई। इसने गोवा के निवासी और पर्यटक दोनों को अपनी ओर आकर्षित किया।
आयोजकों का कहना है कि “हर साल पिछले 37 सालों से सेलिब्रेशन कर रहे हैं एक समिति के माध्यम से। आज महालक्ष्मी के इस प्रांगण से इस गुलाल उत्सव की शुरुआत हो रही है। इधर से सब ढोल-ताशे के साथ आजाद मैदान पर जाकर पूरे पणजी और आसपास के सभी लोग इधर आकर सब मिलजुलकर होली का त्योहार मनाएंगे और हर साल इसी तरह से मनाते हैं हम महालक्ष्मी देवी का दर्शन करके ये होली का गुलाल उत्सव शुरुआत होता है।”
एक ऑर्केस्ट्रा ने उत्सव के माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। इस कार्यक्रम में सभी उम्र के लोग शामिल हुए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि “कोई भी किसी धर्म, जाति प्रांत के न भेदभाव करके हम यहां इकट्ठा होकर होली खेलते हैं। पणजी के इस उत्सव की खासियत यही है कि सब लोगों को इकट्ठा करना और होली खेलना। ऐसा नहीं है कि किसी का भेदभाव करना वगैरह। ये जो ऑर्केस्ट्रा चल रहा है वो भी एक मनोरंजन कार्यक्रम का हिस्सा है।”
गोवा की पहचान देश दुनिया में बेहतरीन पर्यटन स्थल की है लेकिन जिस तरह से होली के मौके पर परंपरा को निभाया गया, वो भी काफी आकर्षक रहा।