Raja Shivaji: अभिनेता रितेश देशमुख की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ ने ओपनिंग वीकेंड में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 30 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है। फिल्म निर्माताओं ने ये जानकारी दी।
जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी की इस फिल्म का निर्देशन रितेश देशमुख ने किया है और ये एक मई 2026 को मराठी और हिंदी में सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इसमें अभिनेता ने छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाई है। फिल्म मेकर्स ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट के जरिए बॉक्स ऑफिस के आंकड़े शेयर किए, इस पोस्ट में फिल्म का पोस्टर भी था।
फिल्म ने रिलीज के पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 12.40 करोड़ रुपये (नेट) की कमाई की। इसके बाद अगले दिन क्रमशः 11.50 करोड़ रुपये और 13.10 करोड़ रुपये कमाए। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का कुल कलेक्शन 37 करोड़ रुपये (नेट) रहा है। फिल्म निर्माताओं के अनुसार, ये किसी मराठी फिल्म के लिए अब तक का सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड भी रहा।
मेकर्स ने कैप्शन में लिखा, “राजा शिवाजी अब सिनेमाघरों में इतिहास रच रहे हैं। ओपनिंग वीकेंड एनबीओसी 37 करोड़ रुपये। अपने टिकट अभी बुक करें ~ U/A 16+ | मराठी और हिंदी।”
फिल्म निर्माताओं के अनुसार, ये फिल्म शिवाजी महाराज की उस यात्रा को दर्शाती है जिसमें एक युवा व्यक्ति के रूप में शक्तिशाली ताकतों को चुनौती देने की प्रतिज्ञा लेने से लेकर स्वराज की नींव रखने वाले नेता बनने तक का सफर दिखाया गया है और इसका उद्देश्य भाषाई सीमाओं से परे दर्शकों के सामने उनकी कहानी प्रस्तुत करना है।
ये फिल्म जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत की गई है और मुंबई फिल्म कंपनी के बैनर तले ज्योति देशपांडे और जेनेलिया देशमुख द्वारा निर्मित है।