Instagram Plus: Meta ने भारत में अपना नया पेड सब्सक्रिप्शन प्लान Instagram Plus लॉन्च कर दिया है। इस प्लान की कीमत 299 रुपये प्रति माह रखी गई है। कंपनी का दावा है कि इस प्रीमियम सदस्यता के जरिए यूजर्स को स्टोरीज, प्रोफाइल और इंटरैक्शन से जुड़े कई एडवांस फीचर्स मिलेंगे, जो सामान्य यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
स्टोरीज पर मिलेगा ज्यादा कंट्रोल
Instagram Plus के तहत स्टोरीज से जुड़े कई खास फीचर्स दिए गए हैं। सब्सक्राइबर यूजर्स स्टोरीज को नए तरीके से मैनेज कर सकेंगे और उनके प्रदर्शन से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।
सीक्रेट तरीके से देख सकेंगे स्टोरी
इस प्लान का सबसे चर्चित फीचर सीक्रेट स्टोरी प्रीव्यू है। कंपनी के अनुसार, यूजर्स किसी अन्य व्यक्ति की स्टोरी देख सकेंगे और उनका नाम व्यूअर लिस्ट में दिखाई नहीं देगा। इसके अलावा, यूजर्स यह भी जान सकेंगे कि उनकी स्टोरी को कितनी बार दोबारा देखा गया है।
48 घंटे तक रहेगी स्टोरी
Instagram Plus सब्सक्राइबर्स के लिए स्टोरी की अवधि 24 घंटे से बढ़ाकर 48 घंटे कर दी गई है। साथ ही, यूजर्स हर सप्ताह अपनी किसी एक स्टोरी को स्पॉटलाइट कर अतिरिक्त विजिबिलिटी प्राप्त कर सकेंगे।
मिलेंगे स्पेशल इमोजी और कस्टम फॉन्ट्स
प्लान के तहत यूजर्स को एनिमेटेड सुपर हार्ट रिएक्शन का एक्सेस मिलेगा। इंटरैक्शन के दौरान रंग-बिरंगे एनिमेटेड हार्ट्स स्क्रीन पर दिखाई देंगे। इसके अलावा, प्रोफाइल बायो के लिए विशेष फॉन्ट्स और कस्टम ऐप आइकन्स भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
प्रोफाइल पिन्स फीचर भी शामिल
Instagram Plus में प्रोफाइल पिन्स फीचर भी दिया गया है, जिसकी मदद से यूजर्स अपनी प्रोफाइल पर अधिकतम छह पोस्ट पिन कर सकेंगे। इससे महत्वपूर्ण पोस्ट हमेशा प्रोफाइल के शीर्ष पर दिखाई देंगी।
Instagram Plus के प्रमुख फीचर्स
• स्टोरी रिवॉच काउंट: कितने लोगों ने आपकी स्टोरी दोबारा देखी, इसकी जानकारी मिलेगी।
• अनलिमिटेड स्टोरी ऑडियंस लिस्ट: क्लोज फ्रेंड्स की तरह कई कस्टम ऑडियंस ग्रुप बना सकेंगे।
• सीक्रेट स्टोरी प्रीव्यू: स्टोरी देखने पर आपका नाम व्यूअर लिस्ट में नहीं दिखेगा।
• 48 घंटे की स्टोरी: स्टोरी 24 घंटे की बजाय 48 घंटे तक एक्टिव रहेगी।
• वीकली स्टोरी स्पॉटलाइट: हर सप्ताह एक स्टोरी को अतिरिक्त प्रमोशन और विजिबिलिटी मिलेगी।
• स्टोरी व्यूअर सर्च: स्टोरी देखने वालों की सूची में किसी भी व्यक्ति को आसानी से खोज सकेंगे।
विज्ञापनों से आगे बढ़ रही Meta की रणनीति
Meta ने अपनी कमाई के स्रोतों को मजबूत करने के लिए केवल विज्ञापन आधारित मॉडल पर निर्भरता कम करने की दिशा में यह कदम उठाया है। कंपनी का मानना है कि प्रीमियम सब्सक्रिप्शन सेवाएं भविष्य में उसके लिए एक बड़ा राजस्व स्रोत बन सकती हैं। Meta ने यह भी संकेत दिया है कि आने वाले समय में InstagramPlus सब्सक्राइबर्स के लिए और भी नए फीचर्स जोड़े जाएंगे।
299 रुपये प्रति माह की कीमत वाला Instagram Plus उन यूजर्स को ध्यान में रखकर पेश किया गया है, जो सोशल मीडिया पर अधिक कंट्रोल, बेहतर प्राइवेसी और एक्सक्लूसिव सुविधाएं चाहते हैं।