Test Cricket: भारत के लिए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाना आसान नहीं- राहुल द्रविड़

Test Cricket:  भारत के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का मानना है कि भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में क्वालीफाई करने की दौड़ में थोड़ा ‘पीछे चल रही’ है और श्रीलंका में उत्साहजनक प्रदर्शन को न्यूजीलैंड दौरे में दोहराना आसान नहीं होगा।

डब्ल्यूटीसी फाइनल में दो बार जगह बनाने वाली भारतीय टीम अभी अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। उसे फाइनल में जगह बनाने के लिए अपने बचे हुए अधिकतर मैच जीतने होंगे। अगले साल फाइनल में शीर्ष दो टीमों के बीच मुकाबला होगा। भारतीय टीम जनवरी 2027 से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर पांच टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले न्यूजीलैंड में दो टेस्ट मैच खेलेगी।

भारत इस दौरे में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे और उतने ही टी20 मैच भी खेलेगा। यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) में एक टीम के मालिक द्रविड़ ने जियोस्टार से कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि भारत डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचने में सफल रहेगा। अगर भारत मौजूदा स्थिति के बावजूद फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लेता है तो यह शानदार उपलब्धि होगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि भारतीय टीम थोड़ा पीछे चल रही है। लेकिन भारतीय टीम बहुत शानदार है और उसे किसी भी स्तर पर कम नहीं आंका जा सकता। उसने श्रीलंका के खिलाफ अच्छी शुरुआत की, इसलिए पहला कदम बहुत अच्छा है।’’ भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है और बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से दूसरे टेस्ट में भी उसका पलड़ा भारी है। अक्टूबर में होने वाले न्यूजीलैंड दौरे के बारे में द्रविड़ ने कहा कि विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा जैसे संन्यास ले चुके खिलाड़ियों के अनुभव की कमी दोनों टेस्ट मैचों में महसूस की जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘न्यूजीलैंड के खिलाफ उनके घरेलू मैदानों पर खेलना हमेशा एक चुनौती होता है। न्यूजीलैंड की टीम कड़ी चुनौती पेश करती है। भारत के कई युवा खिलाड़ियों ने न्यूजीलैंड जैसी परिस्थितियों में नहीं खेला है इसलिए ये बड़ी चुनौती होगी।‘‘ द्रविड़ ने कहा, ‘‘उम्मीद है कि भारतीय खिलाड़ी इस दौरे के लिए पूरी तरह फिट रहेंगे लेकिन हमें विराट कोहली, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की कमी खलेगी। भारत ने पिछली बार जब न्यूजीलैंड का दौरा किया था तब ये खिलाड़ी टीम में थे। इसलिए यह श्रृंखला दिलचस्प होगी।’’

भारत के पूर्व कप्तान ने कहा कि यहां तक कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज भी आसान नहीं होंगे क्योंकि उसकी टीम में भी ऐसे खिलाड़ी होंगे जो जनवरी में होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब होंगे। द्रविड़ ने कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबला बेहद रोमांचक होगा। उनके कई खिलाड़ी भारत में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब होंगे। ये ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की एक ऐसी पीढ़ी है, जिसने भारत में जीत हासिल नहीं की है। इसलिए वे ऐसा करने के लिए बेताब होंगे।’’

द्रविड़ ने 15 वर्षीय प्रतिभाशाली बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के प्रति धैर्यपूर्ण दृष्टिकोण अपनाने की भी अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘वैभव के मामले में आपको धैर्य रखना होगा। वो अभी सिर्फ 15 साल का है। मैंने उस बच्चे को जितना देखा है, उससे मुझे कोई संदेह नहीं है कि अगर उसे घरेलू क्रिकेट में कुछ सत्र लाल गेंद से क्रिकेट खेलने का मौका मिले, तो वो टेस्ट टीम में जगह बनाने में सफल रहेगा।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *