Sports: गेम चेंजर्स लायंस ने फाइनल में ऑसी मेवरिक्स जगुआर्स को 19-10 से हराकर पहली बार वर्ल्ड पैडल लीग का खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही लायंस ने सीजन-4 का शानदार अंदाज में समापन किया। इससे पहले दिन के सेमीफाइनल मुकाबलों में लायंस ने वेदांता लेपर्ड्स को 16-13 से हराया, जबकि जगुआर्स ने वीबी रियल्टी चीताज़ को 15-11 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल में लायंस की बीट्रिज गोंजालेज और पाउला जोसेमारिया का सामना जगुआर्स की अलेजांद्रा अलोंसो और क्लाउडिया जेन्सेन से हुआ। लायंस ने शानदार शुरुआत करते हुए कड़े मुकाबले के बाद पहला सेट 6-3 से जीत लिया। दूसरे सेट में फेडेरिको मौरिनो और तेओदोरो जापाटा की जोड़ी ने इग्नासियो पियोटो और एंजो जेन्सेन का सामना किया। लायंस की जोड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 6-2 से जीत दर्ज की और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
निर्णायक सेट में जगुआर्स ने वापसी की कोशिश की। पोल हर्नांडेज और गुइले कोलाडो ने गोंजालो अल्फोंसो और सान्यो गुटिएरेज को कड़ी टक्कर दी। दोनों जोड़ियों के बीच कई करीबी रैलियां देखने को मिलीं, लेकिन लायंस ने अंतिम क्षणों में संयम बनाए रखते हुए सेट 7-5 से जीत लिया और खिताब पर कब्जा कर लिया।
इससे पहले पहले सेमीफाइनल में लायंस की पाउला जोसेमारिया और बीट्रिज गोंजालेज ने लेपर्ड्स की मार्ता ओर्टेगा और वेरोनिका विरसेदा को 6-4 से हराकर बढ़त बनाई। इसके बाद फ्रांसिस्को ग्युरेरो और जावी रुइज ने फेडेरिको मौरिनो और तेओदोरो जापाटा को 6-4 से हराकर लेपर्ड्स की वापसी कराई। निर्णायक सेट में सान्यो गुटिएरेज और गोंजालो अल्फोंसो का मुकाबला मिगुएल ड्यूस और नूनो ड्यूस से हुआ। लायंस की जोड़ी ने यह सेट 6-3 से जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
दूसरे सेमीफाइनल में क्लाउडिया जेन्सेन और अलेजांद्रा अलोंसो ने अरान्जाजु ओसोरो और कार्ला मेसा को 6-3 से हराकर जगुआर्स को बढ़त दिलाई। इसके बाद जॉन सान्ज और जीसस मोया ने इग्नासियो पियोटो और एंजो जेन्सेन को 6-3 से हराकर चीताज़ की बराबरी कर दी।
निर्णायक सेट में पोल हर्नांडेज और गुइले कोलाडो का सामना कोकी नीएतो और लुचो काप्रा से हुआ। जगुआर्स ने यह सेट 6-2 से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। वर्ल्ड पैडल लीग का सीजन-4 रोमांचक मुकाबलों, शानदार पैडल और कड़े संघर्ष से भरा रहा। गेम चेंजर्स लायंस ने पहली बार चैंपियन बनकर इस यादगार सीजन का शानदार अंत किया।