Sports: मनसुख मांडविया ने पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप की घोषणा की, चार से आठ जून तक होगी आयोजित

Sports: केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को घोषणा की कि पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप 2026 अहमदाबाद में चार जून से आठ जून तक आयोजित की जाएगी। ये योग को एक वैश्विक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

इस कार्यक्रम के बारे में बात करते हुए मांडविया ने कहा कि इस चैंपियनशिप में 75 से ज्यादा देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और इस वैश्विक टूर्नामेंट के पहले संस्करण में 500 से ज्यादा एथलीटों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।

मांडविया ने कहा, “पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप चार जून से आठ जून तक अहमदाबाद में आयोजित की जा रही है। ये पहली ऐसी विश्व चैंपियनशिप है जिसमें 75 से ज्यादा देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसमें 500 से ज्यादा एथलीट हिस्सा लेंगे।”

खेल मंत्री ने योगासन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने की भारत की बढ़ती कोशिशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये चैंपियनशिप, जिसकी शुरुआत भारत में हो रही है, आने वाले वर्षों में अलग-अलग देशों में आयोजित होने की उम्मीद है।

मांडविया ने योग को मिल रही बढ़ती वैश्विक पहचान पर भी जोर दिया और बताया कि 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों में योग को शामिल किया जाएगा, जिसकी मेजबानी भारत करने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *