Jiya Rai: जिया राय ओपन वॉटर स्विमिंग का ‘ट्रिपल क्राउन’ पूरा करने वाली पहली महिला पैरा-तैराक बनीं

 Jiya Rai:  ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर (एएसडी) से पीड़ित 18 साल की जिया राय ओपन वॉटर स्विमिंग का ‘ट्रिपल क्राउन’ पूरा करने वाली दुनिया की पहली महिला पैरा-तैराक बनकर इतिहास रच दिया है।

जिया ने 30 अगस्त, 2026 को न्यूयॉर्क शहर में 48 किलोमीटर लंबी ’20 ब्रिजेज स्विम अराउंड मैनहट्टन’ को सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने इस मुश्किल सोलो स्विम को आठ घंटे 53 मिनट में पूरा किया। वे इस प्रतियोगिता के लगभग 100 साल के इतिहास में एएसडी वाली पहली लड़की हैं, जिन्होंने ये उपलब्धि हासिल की है।

उनकी ट्रिपल क्राउन उपलब्धियों में इंग्लिश चैनल (2024), कैटालिना चैनल (2025) और 20 ब्रिजेज स्विम अराउंड मैनहट्टन (2026) शामिल हैं। उन्होंने ये उपलब्धि ऑटिज्म के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए समर्पित की।

’20 ब्रिजेज स्विम अराउंड मैनहट्टन’ को दुनिया की सबसे मुश्किल ओपन-वॉटर चुनौतियों में से एक माना जाता है। इसमें तेज लहरें, अनिश्चित मौसम, ठंडा पानी, नावों की भारी आवाजाही और कड़े नियम शामिल हैं, जिनके तहत तैराकों को पूरे समय पानी में ही रहना पड़ता है।

भारतीय नौसेना अधिकारी मदन राय की बेटी जिया इससे पहले इंग्लिश चैनल, पाक जलडमरूमध्य और कैटालिना चैनल को पार करते हुए रिकॉर्ड-तोड़ सोलो स्विम (अकेले तैराकी) पूरी कर चुकी हैं। न्यूयॉर्क में भारत के उप-महावाणिज्य दूत विशाल जयेशभाई हर्ष ने उन्हें सम्मानित किया।

बोल न पाने और एएसडी के साथ रहने के बावजूद, जिया ने अपने दृढ़ संकल्प और उपलब्धियों के लिए दुनिया भर में पहचान बनाई है। उन्हें डब्ल्यूओडब्ल्यूएसए पुरस्कार 2024, दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार (2023) और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (2022) जैसे सम्मान मिले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *