IPL 2026: वह चोटिल हैं, केकेआर के खिलाफ कर सकते हैं वापसी, हार्दिक पंड्या को लेकर बोले शार्दुल ठाकुर

IPL 2026: मुंबई इंडियंस के ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने कप्तान हार्दिक पंड्या के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों को भी खारिज करते हुए साफ किया कि वह चोटिल होने के कारण पिछले तीन मैच में नहीं खेल पाए और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अगले मैच में वापसी कर सकते हैं। हार्दिक मुंबई की टीम के साथ धर्मशाला नहीं गए थे जहां उनकी टीम ने पंजाब किंग्स को छह विकेट से हराया।

सूर्यकुमार यादव भी अपने बच्चे के जन्म के कारण इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं थे और इसलिए जसप्रीत बुमराह ने कप्तानी की। वह इस सत्र में टीम के तीसरे कप्तान थे। ठाकुर ने मीडियाकर्मियों से कहा, ‘‘हार्दिक चोटिल है और इसलिए वह पिछले कुछ मैच में नहीं खेल पाए।’’ हार्दिक पीठ दर्द के कारण लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) के खिलाफ भी मैच में नहीं खेल पाए थे।

ठाकुर ने कहा, ‘‘वह रायपुर (10 मई को आरसीबी के मैच के लिए) गए थे, लेकिन खेल नहीं पाए। वह अभी मुंबई में अभ्यास कर रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि वह कोलकाता (20 मई को ईडन गार्डन्स) में खेलेंगे।उनके जैसे खिलाड़ियों की कमी हमें हमेशा खलती है।’’

मुंबई इंडियंस की टीम पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। हार्दिक का इस दौरान प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और इसलिए फ्रेंचाइजी के साथ उनके भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी। ठाकुर ने इन अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘सोशल मीडिया पर काफी चर्चाएं चल रही हैं, कुछ सही हैं, कुछ गलत। लेकिन उनके धर्मशाला नहीं आने का फैसला टीम प्रबंधन ने किया था।’’

पंजाब किंग्स के खिलाफ ठाकुर ने 39 रन देकर चार विकेट लिए और मुंबई की जीत में अहम भूमिका निभाई। ठाकुर ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि बुमराह के साथ मेरा तालमेल अच्छा है। हमने काफी बातचीत की है। मुझे अन्य गेंदबाजों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन निश्चित रूप से वह अपने विचार साझा करने में कभी संकोच नहीं करते।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *