Indian team: पूर्व क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि जापान में एशियाई खेलों के दौरान चुनौतीपूर्ण पिचों पर खेलने के बाद भारतीय टीम अब धीमी पिचों पर , खासकर वेस्टइंडीज के खिलाफ लखनऊ में पहले टी20 में खेलने के लिये बेहतर तैयार है ।
भारत और वेस्टइंडीज मंगलवार से पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेंगे । पुजारा ने जियोस्टार से कहा ,‘‘ गेंदबाजों को लखनऊ की विकेट पर परेशानी नहीं होगी । इससे तेज गेंदबाजों और स्पिनरों को मदद मिलेगी और बल्लेबाजी आसान नहीं रहेगी ।
भारतीय टीम के लिये अच्छी बात यह है कि जापान की कठिन पिचों पर खेलने के बाद वे धीमी पिचों पर खेलने के लिये बेहतर तैयार हैं ।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ इसलिये इकाना पर मैच होगा तो भारतीय टीम की तैयारी बेहतर होगी ।’’
एशियाई खेलों में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अभिषेक शर्मा के साथ पारी का आगाज किया लेकिन पुजारा का मानना है कि संजू सैमसन से पारी की शुरूआत कराई जानी चाहिये ।
उन्होंने कहा ,‘‘ मैं संजू सैमसन का नाम लूंगा क्योंकि वह अनुभवी हैं और उन्होंने विश्व कप जीता है । किसी के अच्छा खेलने पर अचानक बदलाव नहीं कर सकते क्योंकि आपके पास एक असाधारण प्रतिभाशाली बल्लेबाज बेंच पर है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ संजू भी उतना ही प्रतिभाशाली है । उसने शानदार प्रदर्शन किया है और इस समय सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में है । सूर्यवंशी को मौके मिलेंगे ही, ऐसा नहीं है कि नहीं मिलेंगे ।’’