Delhi Capitals: दिल्ली कैपिटल्स ने चमिंडा वास को तेज गेंदबाजी कोच नियुक्त किया

Delhi Capitals:  दिल्ली कैपिटल्स ने श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चमिंडा वास को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अगले सत्र से पहले तेज गेंदबाजी कोच के रूप में अपने नए कोचिंग स्टाफ में शामिल किया। श्रीलंका के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक वास को मुनाफ पटेल की जगह तेज गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया है। मुनाफ पिछले दो सत्र से टीम के गेंदबाजी कोच थे।

वास ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 111 टेस्ट मैचों में 355 विकेट और वनडे मैचों में 400 विकेट लिए हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट किया, ‘‘विश्व कप विजेता और श्रीलंका के अब तक के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज। टाइगर टेरिटरी (दिल्ली कैपिटल्स) में आपका स्वागत है, कोच।’’ चमिंडा वास दिल्ली कैपिटल्स में सौरव गांगुली की अगुवाई वाली नयी कोचिंग टीम का हिस्सा होंगे। फ्रेंचाइजी में हाल में ही पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह को भी बल्लेबाजी और सहायक कोच के रूप में अपने सहयोगी स्टाफ में शामिल किया था।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम अब तक आईपीएल का खिताब नहीं जीत पाई है। उसकी टीम केवल एक बार 2020 में फाइनल में पहुंची थी। पिछले दो सत्र में उसकी टीम प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही थी। दिल्ली कैपिटल्स का स्वामित्व संयुक्त रूप से जीएमआर ग्रुप और जेएसडब्ल्यू ग्रुप के पास है, दोनों ग्रुप प्रत्येक दो वर्ष के चक्र में बारी-बारी से फ्रेंचाइजी का प्रबंधन करते हैं, जिसमें जीएमआर का कार्यकाल 2026 के सत्र के साथ ही समाप्त हो गया था।

जेएसडब्ल्यू ने कमान संभालने के तुरंत बाद ही पूर्व भारतीय खिलाड़ियों वेणुगोपाल राव (क्रिकेट निदेशक), हेमांग बदानी (मुख्य कोच) और पटेल (गेंदबाजी कोच) को हटाने का फैसला किया। श्रीलंका की 1996 विश्व कप विजेता टीम के एक प्रमुख सदस्य, वास नयी गेंद को स्विंग कराने और विभिन्न परिस्थितियों में सटीक गेंदबाजी करने के लिए जाने जाते थे।

चमिंडा वास इससे पहले तीन बार अलग-अलग कार्यकाल में श्रीलंका की पुरुष टीम के गेंदबाजी कोच के रूप में कार्य कर चुके हैं। उनके कोचिंग करियर की शुरुआत न्यूजीलैंड के साथ एक संक्षिप्त अनुबंध से हुई थी। इसके बाद उन्हें 2013 से 2015 तक श्रीलंका का कोच नियुक्त किया गया, चमिंडा वास को 2016 में टी20 विश्व कप के लिए आयरलैंड का गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया था। इसके बाद वह फिर से इसी भूमिका में श्रीलंका की टीम से जुड़ गए थे।

चमिंडा वास इससे पहले आईपीएल का भी हिस्सा रह चुके हैं, आईपीएल के पहले तीन सत्र में 2008 से 2010 तक वह अब भंग हो चुकी डेक्कन चार्जर्स की तरफ से खेले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *