Deepti Sharma: भारत की अनुभवी ऑल-राउंडर दीप्ति शर्मा, इस महीने के अंत में होने वाले महिला एशिया कप से पहले ‘द हंड्रेड’ में अपने खेल को बेहतर बनाने पर ध्यान दे रही हैं। एशिया कप 28 अगस्त को दुबई में शुरू होने वाला है। दीप्ति अभी मौजूदा चैंपियन सनराइजर्स लीड्स महिला के लिए गेंद और फील्डिंग में शानदार फॉर्म में हैं।
दीप्ति ने जियोस्टार पर कहा, “अभी मेरा पूरा ध्यान ‘द हंड्रेड’ पर है। महिला एशिया कप 28 अगस्त से शुरू हो रहा है और ये भारतीय टीम के लिए एक अहम टूर्नामेंट है। ‘द हंड्रेड’ में खेलने से मुझे बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग – तीनों में अपने कौशल को बेहतर बनाने का शानदार मौका मिल रहा है। मैं इस टूर्नामेंट का पूरा फायदा उठाने की कोशिश कर रही हूं, ताकि एशिया कप के लिए अच्छी तरह से तैयार होकर जा सकूं।”
उन्होंने कहा, “मैं सनराइजर्स लीड्स के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रही हूं। इससे एक खिलाड़ी के तौर पर मेरा विकास होगा और लंबे समय में टीम को भी फायदा होगा।” दीप्ति ने कहा कि भारत का प्रतिनिधित्व करने में गर्व और जिम्मेदारी दोनों का अहसास होता है और प्रशंसकों का समर्थन बेहतर प्रदर्शन करने के लिए और प्रेरणा देता है।
“जब आप नीली जर्सी पहनते हैं, तो ये आपको अपने, अपने परिवार और अपने देश के लिए गर्व से भर देता है। ये सिर्फ एक जर्सी नहीं है; ये बरसों की कड़ी मेहनत और त्याग का परिणाम है।” “जब उम्मीदें ज्यादा हों और आप देश के लिए अच्छा प्रदर्शन कर पाएं, तो वो एहसास बहुत खास होता है। इसके साथ एक जिम्मेदारी भी आती है, लेकिन हम सभी उस जिम्मेदारी का स्वागत करते हैं।”
“हर कोई चाहता है कि हम एक टीम के तौर पर सफल हों और हमारा समर्थन करने वाले प्रशंसकों को खुशियां दें। यही बात हमें मैदान पर उतरने पर हर बार अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती है।”