Cricket: भारत के पूर्व कोच राहुल द्रविड़ ने 15 वर्षीय प्रतिभाशाली बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के प्रति धैर्यपूर्ण दृष्टिकोण अपनाने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में अपनी जगह बनाने के लिए उन्हें रेड-बॉल क्रिकेट के कुछ सीजन खेलने की जरूरत होगी।
उन्होंने कहा, “वैभव के मामले में आपको धैर्य रखना होगा। वो अभी सिर्फ 15 साल का है। मैंने उस बच्चे को जितना देखा है, उससे मुझे कोई संदेह नहीं है कि अगर उसे घरेलू क्रिकेट में कुछ सत्र लाल गेंद से क्रिकेट खेलने का मौका मिले, तो वो टेस्ट टीम में जगह बनाने में सफल रहेगा।”
द्रविड़ ने कहा कि सूर्यवंशी के शेड्यूल में घरेलू क्रिकेट के लिए जगह बनाना मुश्किल होगा, क्योंकि नेशनल टीम के साथ व्हाइट-बॉल क्रिकेट की वजह से उनका शेड्यूल काफी व्यस्त रहेगा। उन्होंने कहा, “मौजूदा खिलाड़ियों के अच्छा प्रदर्शन करने के बीच क्या वो प्लेइंग इलेवन में जगह बना पाएगा, ये एक अलग और मुश्किल बात है।”
राहुल द्रविड़ ने कहा, “क्या उसे घरेलू क्रिकेट के दो पूरे सीजन खेलने का समय मिल पाएगा? क्योंकि वो भारत के लिए व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में खेलने में बहुत व्यस्त रहेगा, इसलिए मुझे इस बारे में पक्का नहीं पता। स्किल के मामले में मुझे कोई दिक्कत नहीं लगती; लेकिन शेड्यूल की वजह से क्या वो ऐसा कर पाएंगे, ये थोड़ा मुश्किल हो सकता है।”