Cricket: टीम में चयन न होने से निराश 17 वर्षीय क्रिकेटर ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट बरामद

Cricket: नागपुर से एक बेहद झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, क्रिकेट की दुनिया में बड़ा नाम कमाने का सपना देखने वाली 17 वर्षीय लड़की ने खुदखुशी से हर किसी को हैरत में छोड़ दिया.  क्रिकेट टीम में जगह बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रही इस युवा खिलाड़ी ने कथित तौर पर टीम में चयन नहीं होने से निराश होकर आत्महत्या कर ली. पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें टीम में चयन न होने की बात लिखी गई. हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.

यह घटना नागपुर के बजाज नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर इलाके की है. मूल रूप से महाराष्ट्र के अकोला की रहने वाली अदिति चौखांडे पिछले कुछ समय से अपनी मां और बड़े भाई के साथ नागपुर में रह रही थीं. उनके पिता अकोला में सिविल कॉन्ट्रैक्टर हैं. पुलिस के अनुसार, बुधवार रात अदिति ने अपनी मां के साथ खाना खाया और फिर अपने कमरे में चली गईं. गुरुवार सुबह उनका शव फंदे से लटका मिला. घटना के समय उनके भाई प्रबल चौखांडे शहर से बाहर थे. प्रबल खुद भी एक उभरते हुए क्रिकेटर हैं.

मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है. पुलिस के मुताबिक, नोट में अदिति ने अपने माता-पिता को गौरवान्वित करने की इच्छा जताई और टीम में चयन नहीं होने का दुख व्यक्त किया. नोट में कथित तौर पर लिखा था, ‘दादा, तुम बहुत अच्छा खेलते हो. तुम बहुत बड़े खिलाड़ी बनोगे. मम्मी-पापा का नाम रोशन करना. मुझे दुख है कि मेरा चयन नहीं हुआ.’ अदिति ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास की थी. वह पेशेवर क्रिकेटर बनने का सपना देख रही थीं और अपने भाई के साथ नियमित रूप से क्रिकेट का अभ्यास करती थीं. वह हाल ही में एक बड़े स्तर की टीम के चयन में जगह नहीं बना सकी थीं, जिसके बाद वह निराश थीं.

बजाज नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. बजाज नगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक चेतन चौहान ने बताया कि ऐसा लगता है कि बड़ी टीम में चयन नहीं होने की निराशा के कारण अदिति ने यह कदम उठाया. फिलहाल आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *