Canada Open 2026: कनाडा के मार्कहम (ओंटारियो) में खेले जा रहे बीडब्ल्यूएफ सुपर 300 कनाडा ओपन 2026 में भारत का सफर समाप्त हो गया है। महिला एकल के दूसरे दौर में आकांक्षी कश्यप और तान्या हेमंत को हार का सामना करना पड़ा। विश्व रैंकिंग में 71वें स्थान पर काबिज आकांक्षी कश्यप ने अमेरिका की चौथी वरीयता प्राप्त और विश्व नंबर 33 बेईवेन झांग को कड़ी चुनौती दी। हालांकि, एक घंटे सात मिनट तक चले मुकाबले में उन्हें 20-22, 21-17, 21-17 से हार का सामना करना पड़ा।
आकांक्षी ने पहले गेम में 10-6 की बढ़त बनाई थी, लेकिन झांग ने शानदार वापसी करते हुए पहला गेम अपने नाम कर लिया। निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ी 17-17 तक बराबरी पर थीं, लेकिन इसके बाद झांग ने लगातार चार अंक जीतकर मैच समाप्त कर दिया। यह बेईवेन झांग के खिलाफ आकांक्षी की लगातार तीसरी हार रही।
दूसरे दौर के एक अन्य मुकाबले में विश्व नंबर 56 तान्या हेमंत को जापान की तीसरी वरीयता प्राप्त और विश्व नंबर 21 रिको गुंजी ने 21-11, 21-11 से सिर्फ 31 मिनट में हरा दिया। पिछले सप्ताह यूएस ओपन के पहले दौर में भी गुंजी ने तान्या को हराया था। यह उनके खिलाफ तान्या की लगातार दूसरी हार है।
आकांक्षी और तान्या भारत की आखिरी बची हुई खिलाड़ी थीं। इनके बाहर होने के साथ ही कनाडा ओपन 2026 में भारत का अभियान समाप्त हो गया।इससे पहले पूर्व विश्व नंबर-1 किदांबी श्रीकांत चोट के कारण मलेशिया के ली ज़ी जिया के खिलाफ अपना मुकाबला बीच में ही छोड़ने पर मजबूर हो गए थे।
वहीं देविका सिहाग, रक्षिता रामराज, अनमोल खरब, श्रियांशी वालिशेट्टी, सनीत दयानंद और शंकर सुब्रमण्यम शुरुआती दौर में ही बाहर हो गए थे। युगल स्पर्धा में भी भारत की चुनौती पहले ही दिन समाप्त हो गई थी, जब अच्युतादित्य राव डोड्डावरापु और अर्जुन रेड्डी पोचाना की जोड़ी हारकर बाहर हो गई। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अब 14 जुलाई से शुरू होने वाले जापान ओपन 750 टूर्नामेंट में एक्शन में नजर आएंगे।