Asian Para Games: गत चैंपियन शीतल देवी और स्वाति चौधरी एशियाई पैरा खेलों में अपने अपने पैरा तीरंदाजी वर्ग के फाइनल में पहुंच गई जिससे भारत के दो पदक पक्के हो गए। क्वालीफिकेशन दौर में विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करने वाली और नया एशियाई रिकॉर्ड बनाने वाली 19 वर्ष की शीतल ने महिला कंपाउंड सेमीफाइनल में जापान की शिनोहारा आया को 145 . 137 से हराया। अब फाइनल में वह सिंगापुर की अलीम नूर सियाहिदा से खेलेंगी ।
वहीं पैरा एशियाई खेलों में पदार्पण कर रही स्वाति ने दक्षिण कोरिया की यून्ही ली को महिला डब्ल्यू1 सेमीफाइनल में 6 . 2 से हराया। अब वह चीन की मेंकान से खेलेगी। डब्ल्यू1 श्रेणी उन खिलाड़ियों के लिए है, जिनके चारों अंगों में कार्यात्मक शक्ति या गति की सीमा (रेंज ऑफ मोशन) में काफी कमी है या जिनका कोई अंग नहीं है।
भारत की रिकर्व और कंपाउंड मिश्रित टीमें भी थाईलैंड और जापान को हराकर सेमीफाइनल में पहु्ंच गई। पैरालम्पिक स्वर्ण पदक विजेता हरविंदर सिंह और भावना ने थाई जोड़ी को रिकर्व मिश्रित टीम वर्ग में 6.0 से हराया। दुनिया की नंबर एक तीरंदाज शीतल ने तोमान कुमार के साथ मिश्रित टीम सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। उन्होंने जापान को 154 . 147 से मात दी। शीतल और पायल नाग कंपाउंड महिला युगल सेमीफाइनल में भी खेलेंगे।
हरविंदर, तोमान, श्याम सुंदर स्वामी और भावना अपने एकल मुकाबले हार गए। रिकर्व एकल क्वार्टर फाइनल में हरविंदर को चीन के युन डुओ ने शूटआफ में 6 . 5 से हराया जबकि भावना को मंगोलिया की सेलेंगी डी ने 6 . 2 से मात दी। पुरूष कंपाउंड सेमीफाइनल में तोमान को चीन के ऐइ शिनलियांग ने 149 .144 से हराया।