Asian Games: पैरालंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह और विजय सुंडी ने एशियाई पैरा खेलों में शुक्रवार को पैरा रिकर्व पुरूष युगल फाइनल में चीन को 5 . 1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता जबकि महिला युगल टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
दोनों टीमों के बीच पहला सेट 35 . 35 से बराबरी पर था। भारत ने दूसरा सेट 37 . 36 से और तीसरा 38 . 36 से जीता। चीन के युन डुओ और झाओ लिक्सू की जोड़ी प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रख सकी।
इससे पहले भारत की भावना चौधरी और पूजा जटिया की जोड़ी महिला पैरा रिकर्व युगल फाइनल में चीन की गाओ जिहान और वांग शूकियान से 0 . 6 से हार गई और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
भारतीय जोड़ी ने 31, 30 , 29 स्कोर किया जबकि चीन ने 38 , 35 और 39 स्कोर किया। हरविंदर और भावना के पास मिश्रित युगल में कांस्य पदक जीतने का मौका था लेकिन यह भारतीय जोड़ी शूटऑफ में ईरान की सोमायेह रहीमी हादेरिजानी और गुलामरेजा रहीमी से 4-5 से हार गई।
दोनों टीम का स्कोर 4-4 से बराबर रहने के बाद शूटऑफ का सहारा लिया गया। इससे पहले भारतीय जोड़ी सेमीफाइनल में चीन के झाओ लिक्सू और वांग शूकियान से 0 . 6 से हार गई थी।
हरविंदर ने 2018 एशियाई पैरा खेलों में व्यक्तिगत स्वर्ण जीता था और हांगझोउ में दो कांस्य जीते थे। उन्होंने पेरिस पैरालम्पिक में व्यक्तिगत स्वर्ण जीता था जबकि तोक्यो पैरालंपिक में कांस्य पदक हासिल किया था ।