Asian Cadet Cup: एशियन कैडेट कप फेंसिंग चैंपियनशिप का आयोजन चेन्नई में 20 से 23 नवंबर तक किया जाएगा, इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में एशिया के अलग-अलग देशों के युवा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इस टूर्नामेंट में 30 से ज्यादा देशों के 500 से अधिक खिलाड़ी, कोच, अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी शामिल होंगे। प्रतियोगिता में तलवारबाजी के तीन प्रकार-एपी (Epee), फॉइल (Foil) और सेबर (Sabre) के मुकाबले होंगे। युवा खिलाड़ी इन तीनों वर्गों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
यह चैंपियनशिप एशियन फेंसिंग कॉन्फेडरेशन की देखरेख में फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया आयोजित कर रही है। आयोजन में युवा मामले और खेल मंत्रालय, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और स्पोर्ट्स डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ तमिलनाडु भी सहयोग कर रहे हैं।
फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएआई) के सेक्रेटरी जनरल राजीव मेहता ने कहा कि यह प्रतियोगिता एशिया के युवा फेंसिंग खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अच्छा अनुभव देगी। उन्होंने कहा कि इससे खिलाड़ियों को भविष्य में एशियन गेम्स, वर्ल्ड चैंपियनशिप और ओलंपिक जैसे बड़े टूर्नामेंटों के लिए तैयारी करने में मदद मिलेगी। इससे युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मजबूत मौका मिलेगा।