Chandigarh:शहर के पॉश और व्यस्त माने जाने वाले सेक्टर-11 इलाके में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नामी मेडिकल स्टोर में घुसकर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमलावरों का निशाना दुकान के काउंटर पर बैठा कैशियर था, जो गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती पुलिस जांच के मुताबिक, हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उनके पास ऑटोमैटिक हथियार थे। मेडिकल स्टोर में घुसते ही बदमाशों ने सीधे कैशियर पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
तीन बदमाश बाइक पर पहुंचे
जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के लिए तीन बदमाश एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मार्केट पहुंचे थे। इनमें से दो आरोपी मेडिकल स्टोर के अंदर घुसे, जबकि तीसरा बाहर निगरानी करता रहा। फायरिंग के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इलाके में दहशत, पुलिस अलर्ट , सेक्टर-11 जैसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों को झकझोर दिया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी है और मेडिकल स्टोर समेत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस शुरुआती तौर पर इस हमले को पुरानी रंजिश, रंगदारी या आपराधिक गैंग गतिविधियों से जोड़कर देख रही है। हालांकि, अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।