WB polls: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव, भांगर में मतदान के दौरान तनाव

 WB polls: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के दौरान दक्षिण 24 परगना के भांगर और उसके आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल रहा, जहां इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) ने तृणमूल कांग्रेस पर मतदान एजेंटों को डराने और मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान जारी रहने के बीच, कम से कम सात विधानसभा क्षेत्रों में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के अधिकारियों को तैनात किया गया है। निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए एनआईए अधिकारियों की तैनाती का निर्देश दिया था। पुलिस ने 26 अप्रैल को भांगर में एक व्यक्ति (जो कथित तौर पर तृणमूल कार्यकर्ता बताया जा रहा है) के घर से देसी बम बरामद किए थे।

इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर एनआईए ने राज्य में 79 देसी बमों की बरामदगी की जांच के लिए मामला दर्ज किया। भांगर और कैनिंग पूर्व निर्वाचन क्षेत्र के कई इलाकों से सुबह से ही अशांति की खबरें आ रही थीं, जिसके चलते संवेदनशील क्षेत्रों में केंद्रीय बलों, राज्य पुलिस और एनआईए टीम की भारी तैनाती की गई।

कैनिंग पूर्व निर्वाचन क्षेत्र के हेडिया में आईएसएफ ने आरोप लगाया कि उसके एक मतदान एजेंट को तृणमूल समर्थकों से जान से मारने की धमकी मिली है। आईएसएफ उम्मीदवार अरबुल इस्लाम शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचे और प्रशासन पर निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कैनिंग पूर्व में वोटों की लूट हो रही है। कई बूथ पर तैनात हमारे प्रतिनिधियों को उनके कार्ड और दस्तावेज छीनकर बाहर निकाल दिया गया।’’ सुबह से ही इस्लाम को मतदान केंद्रों का दौरा करते और सुरक्षाकर्मियों से मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में जमा भीड़ को हटाने के लिए कहते हुए देखा गया, साथ ही वे आईएसएफ के मतदान एजेंट को बूथों में प्रवेश करने में सहायता भी कर रहे थे।

आईएसएफ के अध्यक्ष और भांगर विधायक नौशाद सिद्दीकी ने ये भी आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी के समर्थकों द्वारा पार्टी कार्यकर्ताओं और एजेंटों को डराया-धमकाया जा रहा है, लेकिन उन्होंने दावा किया कि भांगर में समग्र माहौल पिछले चुनावों की तुलना में अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण है।

तृणमूल ने इन आरोपों का खंडन किया और आईएसएफ पर मतदान को प्रभावित करने के लिए निर्वाचन क्षेत्र में अशांति फैलाने की कोशिश का आरोप लगाया। एक दिन पहले, भांगर-दो ब्लॉक के अंतर्गत कोचपुकुर और जॉयपुर सहित भांगर के कई इलाकों में तृणमूल और आईएसएफ समर्थकों के बीच झड़पें हुई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *