PM Modi: CWG पदक विजेताओं से मिले पीएम मोदी, शानदार प्रदर्शन के लिए दी बधाई

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय पदक विजेताओं की मेजबानी की। उन्होंने खिलाड़ियों से ग्लासगो खेलों के अनुभवों के बारे में जाना और उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता देश के कई युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘राष्ट्रमंडल खेल 2026 के हमारे शानदार पदक विजेताओं की 7, लोक कल्याण मार्ग पर मेजबानी कर खुशी हुई। खेलों के उनके अनुभवों के बारे में जाना। उनमें से हर एक ने अपने असाधारण प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता कई युवाओं को प्रेरित करेगी।’

ग्लासगो में भारत ने कुल 39 पदक जीते, जिसमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और नौ कांस्य पदक शामिल रहे। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा। हालांकि, इस बार राष्ट्रमंडल खेलों का कार्यक्रम काफी सीमित था और कुश्ती, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, हॉकी तथा निशानेबाजी जैसे भारत के मजबूत पदक संभावनाओं वाले खेलों को शामिल नहीं किया गया था। ऐसे में भारत का 39 पदकों के साथ चौथा स्थान हासिल करना विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। भारत ने मुख्य रूप से मुक्केबाजी, जूडो, एथलेटिक्स और पैरा-एथलेटिक्स में दमदार प्रदर्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *