PM Modi: प्रधानमंत्री मोदी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर इटली की PM मेलोनी की बधाई

PM Modi: जियोर्जिया मेलोनी उन कई वैश्विक नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं दी हैं। वहीं Antonio Costa ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए उनके दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत और यूरोपीय संघ के संबंध पहले से कहीं अधिक मजबूत हुए हैं और दोनों पक्षों के बीच सहयोग का दायरा लगातार बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4,399 दिनों का लगातार कार्यकाल पूरा कर एक नया इतिहास रच दिया। इसके साथ ही वह भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को पदभार संभाला था और अब वह लगातार तीसरे कार्यकाल में देश का नेतृत्व कर रहे हैं।

भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने स्वतंत्रता के बाद देश का नेतृत्व किया था और 1964 में अपने निधन तक पद पर बने रहे। वहीं, इंदिरा गांधी का कुल कार्यकाल लगभग 16 वर्षों का रहा, लेकिन वह दो अलग-अलग चरणों में प्रधानमंत्री रहीं। लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम दर्ज हो गया है।

सोशल मीडिया मंच X पर अपने संदेश में मेलोनी ने लिखा, “narendra modi को हार्दिक बधाई, जो आज भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं।”

उन्होंने हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी की रोम यात्रा को याद करते हुए कहा कि उनसे दोबारा मुलाकात करना और भारत-इटली के बीच ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ की शुरुआत करना बेहद सुखद रहा। मेलोनी ने विश्वास जताया कि यह साझेदारी दोनों देशों और उनके नागरिकों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी तथा भविष्य के सहयोग को नई दिशा देगी।

अपने 12 वर्षों के कार्यकाल के दौरान मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रीय राजनीति में अपना प्रभाव उल्लेखनीय रूप से बढ़ाया है। पार्टी ने नए क्षेत्रों में विस्तार किया है और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच अपनी स्वीकार्यता मजबूत की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *