PM modi: मोदी सरकार की मंत्रिपरिषद की होगी बैठक, मंत्रालयों की प्रस्तुति एजेंडे में शामिल

PM modi:  नरेंद्र मोदी सरकार की मंत्रिपरिषद की बैठक होगी और इस दौरान अलग-अलग मंत्रालयों के कामकाज, लिए गए प्रमुख फैसलों और उनके नतीजों और भविष्य की योजनाओं समेत बाकी विषयों पर चर्चा की जाएगी। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को ये जानकारी दी।

प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सभी कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और बाकी राज्य मंत्री शामिल होंगे। मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच, ये इस साल मंत्रिपरिषद की पहली बैठक होगी। सूत्रों ने बताया कि बैठक में कई मंत्रालयों और विभागों के कामकाज, हाल ही में लिए गए प्रमुख फैसलों और उनके नतीजों तथा भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।

सूत्रों ने बताया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के अलग-अलग पहलुओं, उन्हें अधिकतम सफलता के लिए कैसे लागू किया जाए और बाकी विषयों की भी समीक्षा किए जाने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री पश्चिम एशिया में जारी संकट और उसके आर्थिक प्रभावों का जिक्र कर सकते हैं और मंत्रालयों एवं विभागों को नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए जरूरी दिशानिर्देश दे सकते हैं।

सूत्रों के अनुसार बैठक में ऊर्जा, कृषि, उर्वरक, विमानन, जहाजरानी और रसद जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा सकता है। पश्चिम एशिया संघर्ष शुरू होने के तुरंत बाद, मोदी ने सभी संबंधित मंत्रालयों को निर्देश दिया था कि नागरिकों और युद्ध के कारण प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं को दूर करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएं।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में आम जनता के लाभ के लिए सभी क्षेत्रों में सुधार लाने की सरकार की प्राथमिकता पर भी चर्चा होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *