PM Modi: आंबेडकर जयंती पर उप-राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री मोदी समेत शीर्ष नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

PM Modi: डॉ. बी. आर. आंबेडकर जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उप-राष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई बड़े नेताओं ने बाबा साहब को संसद में श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान नेताओं ने डॉ. बी. आर. आंबेडकर जी के देश और समाज के लिए किए गए महान कामों को याद किया। साथ ही लोगों से अपील की कि वे उनके दिखाए रास्ते पर चलें। डॉ. बी. आर. आंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्य प्रदेश के महू में हुआ था। उन्हें भारतीय संविधान का निर्माता कहा जाता है। उनका निधन छह दिसंबर 1956 को हुआ था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ”भारतीय संविधान के मुख्य निर्माता और महान समाज सुधारक बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर, मैं उन्हें सादर श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। बाबासाहेब एक न्यायविद, अर्थशास्त्री, गहन विचारक, विधि विद्वान और समतावादी सामाजिक व्यवस्था के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने अपना जीवन समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया और उनके हित में ऐतिहासिक योगदान दिया।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, ”बाबासाहेब डॉ. आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि। राष्ट्र निर्माण में उनके प्रयास अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उनका जीवन और कार्य पीढ़ियों को एक न्यायपूर्ण और प्रगतिशील समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा।”

विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा, ”बाबा साहेब ने हमें सिर्फ संविधान नहीं, न्याय, समानता और सम्मान पर आधारित एक सशक्त भारत का सपना दिया। लेकिन आज कुछ ताकतें सुनियोजित तरीके से बाबासाहेब की इस विरासत और हमारे संविधान को कमजोर करने में लगी हैं – लोकतांत्रिक संस्थाओं को खोखला किया जा रहा है, अधिकारों को कुचला जा रहा है, और समता की सोच पर हमला हो रहा है। यह देश बाबासाहेब के विचारों पर बना है – मैं पूरी शक्ति के साथ, आखिरी दम तक इनकी रक्षा के लिए लड़ता रहूंगा। हम सब मिल कर बाबा साहेब के सपनों के भारत को फिर से साकार करेंगे। आप सभी को अंबेडकर जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *