Monsoon Session: आज संसद के मानसून सत्र का दूसरा दिन है, विपक्ष पेपर लीक और सीजेपी के प्रदर्शन पर चर्चा की मांग पर अड़ा रहा। संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन भी विपक्ष का जोरदार हंगामा जारी रहा। राज्यसभा को दूसरी बार स्थगित कर दिया गया है। जबकि लोकसभा में विपक्षी सदस्यों का हंगामा जारी है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात के बाद कहा कि संसद में छात्रों पर हुई कार्रवाई और परीक्षा संकट को लेकर सरकार की जवाबदेही पर विस्तृत चर्चा होनी चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को दबने नहीं देगा। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज सड़कों पर भी उठेगी और संसद में भी सुनी जाएगी।
कांग्रेस सांसद हिबी ईडन ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षाओं में बार-बार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों के मुद्दे को उठाया है। हिबी ईडन ने इस मामले पर सदन में चर्चा कराने की मांग की है।
इसके साथ ही NDA संसदीय दल की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं और उन्हें सही मार्गदर्शन मिलने की जरूरत पर बात की। चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के उन युवाओं के अनुभव भी साझा किए, जिन्होंने न सिर्फ देश में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं के भविष्य को लेकर भी अपने विचार रखे।